आज केजरीवाल इन इलाको मे करेगे रोड शो।

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 (Delhi Assembly Elections 2020) के लिए बिगुल बज गया है। चुनाव की तारीख नजदीक आते ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। ऐसे में आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल सड़कों पर रोड शो करके अपनी पार्टी के लिए जनता से वोट मांग रहे हैं। वह गुरुवार को पांच विधानसभा क्षेत्रों में पांच रोड शो करेंगे।


 



केजरीवाल मटियाला, उत्तम नगर, विकासपुरी, तुगलकाबाद और कालकाजी में रोड शो करेंगे। उनके कार्यक्रम के अनुसार, वे पहले के तीन रोड शो सुबह करेंगे जबकि तुगलकाबाद और कालकाजी में रोड शो शाम को होंगे।


दिल्ली के मुख्यमंत्री पार्टी के 39 प्रचारकों के साथ शहर में आठ फरवरी को चुनाव प्रचार अभियान की अगुवाई करेंगे। इसी तरह, पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया गुरुवार को त्रिलोकपुरी और कोंडली में जनसभा करेंगे।


8 फरवरी को होगी वोटिंग


दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) के साथ ही भाजपा और कांग्रेस भी सत्ता प्राप्ति के लिए संघर्ष कर रही हैं। दिल्ली विधानसभा की सभी 70 सीटों के लिए 8 फरवरी को वोट डाले जाएंगे और मतगणना 11 फरवरी को होगी। मौजूदा दिल्ली विधानसभा का कार्यकाल 22 फरवरी 2020 को समाप्त हो रहा है। दिल्ली में विधानसभा की 70 सीटें हैं जिसमें से 58 सामान्य श्रेणी की हैं, जबकि 12 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं।

दिल्ली चुनाव में कुल मतदाताओं की संख्या 1,47,03,692 है जिसमें 1,46,92136 सामान्य मतदाता तथा 11,556 सर्विस वोटर हैं। दिल्ली विधानसभा के लिए इस बार कुल मतदान केंद्रों की संख्या 13,750 है। साल 2015 में मतदान केंद्रों की संख्या 11,763 थी। इस प्रकार से इनमें 16.89 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। 


गौरतलब है कि 2015 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को कुल 67 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। वहीं भाजपा को तीन सीटें मिली थीं, जबकि कांग्रेस अपना खाता तक नहीं खोल सकी थी। इसके अलावा 2019 के लोकसभा चुनाव में में दिल्ली की सभी 7 लोकसभा सीटों पर भाजपा को जीत हासिल हुई थी।